अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस पर मोटरसाइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी: 90 सवार, ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ की थीम
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ (Fight Against Drugs) विषय पर आयोजित इस रैली में करीब 90 पुलिस सवार शामिल हैं, जो नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
रैली में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के पुलिस सवार शामिल हैं। इनके साथ सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, एसएसबी, आईटीबीपी और एनएसजी जैसे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा आरपीएफ, एनडीआरएफ और एनआईए जैसे केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवान भी इस अभियान का हिस्सा हैं। रैली की अगुवाई और समन्वय पर सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने गृह मंत्री को जानकारी दी।
यह रैली कई राज्यों से होकर गुजरेगी और इसका समापन 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होगा, जहां सवार भव्य एकता परेड में भाग लेंगे। एकता परेड हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित की जाती है।
इससे पहले गृह मंत्री ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब तक 36,852 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है, जिनमें इस वर्ष 154 जवान शामिल हैं। पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है — 1959 में इसी दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में चीनी सैनिकों के घात लगाकर किए गए हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हुए थे।
