PM मोदी आज दिल्ली में ESTIC 2026 विज्ञान-तकनीक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव (ESTIC) 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन देश के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप संस्थापकों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाएगा, जहाँ भारत की वैज्ञानिक प्रगति और भविष्य की तकनीकों पर गहन मंथन होगा।
सम्मेलन का आयोजन वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) कर रही है और इसमें 13 मंत्रालय सहयोग कर रहे हैं। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘रचनात्मक सोच से विज्ञान को गति देना और तकनीक को सशक्त बनाना’ रखी गई है। सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जैव प्रौद्योगिकी, उन्नत सामग्री, विनिर्माण, स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा, जलवायु विज्ञान और महासागर अनुसंधान सहित 12 प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी।
इस सम्मेलन की सबसे बड़ी खासियत इसमें तीन नोबेल पुरस्कार विजेताओं की मौजूदगी है। वैज्ञानिक जोआखिम फ्रैंक, रिचर्ड जे. राबर्ट्स और कोस्त्या नोवोसेलोव वक्ता के रूप में शामिल होंगे और युवा शोधकर्ताओं से अपने अनुभव साझा करेंगे।
सम्मेलन में भारत की स्वदेशी तकनीकों और वैज्ञानिक उपलब्धियों की एक बड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। करीब 150 डीप-टेक स्टार्टअप अपने नवाचार और उत्पाद प्रदर्शित करेंगे, जिससे उन्हें निवेशकों और उद्योग जगत से जुड़ने का मौका मिलेगा। प्रदर्शनी दूसरे दिन से आम लोगों के लिए भी खोली जाएगी।
‘ग्लोबल कनेक्ट नेटवर्किंग इवेंट’ नाम की नई पहल में भारत और विदेशों से 300 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जिसका मकसद अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग और उद्योग-अकादमिक साझेदारी को बढ़ावा देना है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) भी सम्मेलन का बड़ा आकर्षण होगा। इसरो की प्रदर्शनी में अगली पीढ़ी के भारी-लिफ्ट लॉन्च वाहन का मॉडल दिखाया जाएगा, जो 30 हजार किलोग्राम से अधिक पेलोड को निम्न पृथ्वी कक्षा में ले जाने में सक्षम होगा। साथ ही चंद्रयान-4 और चंद्रयान-5 मिशनों की झलक भी देखने को मिलेगी।
कुल मिलाकर यह सम्मेलन ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है, जहाँ प्रयोगशालाओं की खोजों को आम आदमी के जीवन को बेहतर बनाने वाले समाधानों में बदलने पर जोर होगा।
