हरियाणा: सीएम सैनी की अध्यक्षता में हाई पावर्ड कमेटियों की बैठक, पावर-स्मार्ट ग्रिड-जल आपूर्ति की परियोजनाओं को मंजूरी
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में हाई पावर्ड परचेज कमेटी (HPPC) और हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की बैठकों की अध्यक्षता की। इन बैठकों में प्रदेशभर के विभिन्न विभागों की खरीद और विकास कार्यों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में परिवहन मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा सहित मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समितियों ने बिजली, परिवहन, शिक्षा, पर्यावरण, सहकारिता, शहरी विकास, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, लोक निर्माण तथा सिंचाई एवं जल संसाधन विभागों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी। इनमें बिजली वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण, स्मार्ट ग्रिड परियोजनाओं, जल आपूर्ति और सीवरेज सुविधाओं, वर्षा जल निकासी प्रणाली, सड़क सुधार कार्यों, शैक्षणिक संस्थानों के निर्माण और भंडारण क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव शामिल हैं।
बिजली नेटवर्क को मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में 11 केवी फीडरों के उन्नयन और आधुनिकीकरण, नए सब-स्टेशनों के निर्माण और स्काडा व डीएमएस/ओएमएस जैसी उन्नत तकनीकों के क्रियान्वयन को मंजूरी दी गई। इससे बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता और दक्षता बढ़ने की उम्मीद है। पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के तहत हरियाणा के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के जिलों में वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी हों और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि सभी सरकारी खरीद और निर्माण कार्य पारदर्शी प्रक्रिया से हों और जनधन का उपयोग जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर विवेकपूर्ण तरीके से किया जाए। गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
