PM मोदी ने लिकटेंस्टीन के राजकुमार अलोइस से की बातचीत, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर बनी सहमति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में लिकटेंस्टीन के वंशानुगत राजकुमार अलोइस के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश और आपसी सहयोग के नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। राजकुमार अलोइस अपनी पत्नी राजकुमारी सोफी के साथ 25 से 28 अक्टूबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं।
बातचीत में भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते (TEPA) के तहत मिलने वाले अवसरों पर विशेष जोर रहा। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राजकुमार अलोइस से मुलाकात की और कहा कि TEPA से मिली गति के कारण भारत-लिकटेंस्टीन साझेदारी में कई क्षेत्रों में तेजी आई है। जयशंकर ने प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठक को द्विपक्षीय सहयोग आगे बढ़ाने की दिशा में अहम बताया था।
यात्रा के दौरान शाही दंपति ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वहां पुष्पांजलि अर्पित की और आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी भी मौजूद रहे।
राजकुमार अलोइस का इस साल भारत का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वे फरवरी में एआई शिखर सम्मेलन में भाग लेने नई दिल्ली आए थे। उससे पहले वे 2010 और 2018 में भी भारत की यात्रा कर चुके हैं। लगातार हो रही इन यात्राओं को दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे और सहयोग का संकेत माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हैदराबाद हाउस में राजकुमार अलोइस और राजकुमारी सोफी का गर्मजोशी से स्वागत किया। चर्चा का केंद्र द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना रहा। व्यापार, निवेश, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में यह यात्रा अहम मानी जा रही है।
