पंजाब में बनेगी NDA सरकार: अमित शाह का बड़ा ऐलान, अकाली दल से गठबंधन की अटकलें तेज
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिल्ली के द्वारका में यमुना नदी की सफाई से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के मौके पर शाह ने कहा कि इस बार पंजाब में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उनके इस बयान के बाद पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर से गठबंधन की अटकलें तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि शाह ने अपने हालिया पंजाब दौरे के दौरान कहा था कि भाजपा पंजाब में सरकार बनाएगी, लेकिन अब एनडीए का जिक्र करने से सियासी गलियारों में चर्चा है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पुराने सहयोगी फिर साथ आ सकते हैं। भाजपा और अकाली दल का गठबंधन 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में टूट गया था। हालांकि अभी तक दोनों में से किसी भी पार्टी की ओर से गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और सांसद हरसिमरत कौर बादल भी बीते दिनों गठबंधन के संकेत दे चुके हैं। अगस्त में सुखबीर बादल ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी, जिसके बाद अकाली दल ने संसद के मानसून सत्र में सरकार के विधेयकों का समर्थन किया था।
अपने संबोधन में शाह ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में आप सरकार के दौरान नशे का कारोबार बढ़ा है। शाह ने कहा कि केजरीवाल जी, बहानेबाजी से काम नहीं चलेगा, नतीजे चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अगले चुनाव में आप का सफाया हो जाएगा और 2029 तक पंजाब से नशे के कारोबार का खात्मा कर दिया जाएगा।
शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी घेरा। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने पूरे संबोधन में एक बार भी अकाली दल का जिक्र नहीं किया, जिसे सियासी संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
यमुना परियोजनाओं पर शाह ने कहा कि दिल्ली में सरकार बनते ही प्रधानमंत्री मोदी ने यमुना शुद्धिकरण की समीक्षा बैठक की थी और उसी दिशा में तेजी से काम हुआ। उन्होंने दावा किया कि लक्ष्य की दिशा में 40 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और समन्वित प्रयासों से 2029 तक लोगों को स्वच्छ यमुना मिलेगी।
