Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

राजनीतिहरियाणा

स्मृति ईरानी का पहला हरियाणा दौरा: पंचकूला पहुंचीं भाजपा प्रभारी, ECI पर हमले को लेकर कांग्रेस पर तीखा निशाना

Spread the love

भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी गुरुवार को दो दिवसीय हरियाणा दौरे पर पंचकूला पहुंचीं। उनके साथ सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह भी मौजूद रहे। प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रभार संभालने के बाद यह स्मृति ईरानी का पहला आधिकारिक हरियाणा दौरा है। 22 और 23 अक्टूबर को चलने वाले इस दौरे में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला चलेगा, जिसका मकसद 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की जमीनी स्थिति को मजबूत करना और सरकार व संगठन के बीच तालमेल को नई दिशा देना है।

पहले दिन गुरुवार को पंचकूला स्थित प्रदेश मुख्यालय पंचकमल में बैठकों की शुरुआत हुई। इनमें प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ संगठन की समीक्षा होगी। दोपहर बाद 2009, 2014 और 2019 में विधायक रहे नेताओं तथा बोर्ड-निगमों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों से संवाद का कार्यक्रम है।

दूसरे दिन शुक्रवार को कोर ग्रुप की बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक और पार्टी विधायकों से संवाद निर्धारित है। इन बैठकों में जनप्रतिनिधियों की समाज कल्याण में भूमिका और सरकार के कामकाज का भी आकलन होगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस रहेगा। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 48 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि 42 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में हारे हुए विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक कमजोरियों और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका को समझना इन बैठकों का अहम एजेंडा है।

हरियाणा पहुंचने से पहले स्मृति ईरानी ने भारतीय चुनाव आयोग पर हमलों को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बार-बार कहते हैं कि उनकी आलोचना करें, उन पर हमला करें, लेकिन इस हमले को संवैधानिक संस्थाओं और भारत के लोकतंत्र पर हमला न बनने दें। ईरानी ने मतदाता सूची संशोधन को लेकर कांग्रेस के इरादों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर सूची में डुप्लिकेट या मृत लोगों के नाम हैं तो कांग्रेस उन्हें बनाए रखना क्यों चाहती है।

गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पिछले महीने स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया था।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *