राजस्थान: 12 राष्ट्रीय योजनाओं में देश में पहले स्थान पर, सीएम भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी का जताया आभार
राजस्थान ने केंद्र सरकार की राष्ट्रीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य ने 12 राष्ट्रीय योजनाओं में देशभर में पहला स्थान, 10 योजनाओं में दूसरा स्थान और 8 योजनाओं में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, मार्गदर्शन और जनकल्याणकारी विजन से प्रेरित होकर राज्य सरकार विकास, सुशासन, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण के सभी क्षेत्रों में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
कृषि और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान का प्रदर्शन सबसे आगे रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 में 2.18 करोड़ और रबी 2025-26 में 1.71 करोड़ पॉलिसियों के साथ राजस्थान देश में पहले स्थान पर रहा। पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-ए के तहत अक्षय एवं सौर ऊर्जा की स्थापना और कंपोनेंट-सी के तहत सौरकृत फीडरों की संख्या में भी राज्य ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए सस्ती और भरोसेमंद सौर ऊर्जा मिलने का रास्ता और मजबूत हुआ है।
स्वच्छता और जनभागीदारी के अभियानों में भी राजस्थान अव्वल रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 में लक्षित इकाइयों के रूपांतरण में राज्य देशभर में पहले स्थान पर रहा। धरती आबा जनभागीदारी अभियान में भी राजस्थान को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट के रूप में पहला स्थान मिला है। फिट इंडिया फ्रीडम रन 2024 के तहत देशभर में हुए 10,443 कार्यक्रमों में से 6,000 से ज्यादा कार्यक्रम अकेले राजस्थान में आयोजित हुए, जो जनभागीदारी के लिहाज से एक बड़ा रिकॉर्ड है।
दूसरे स्थान वाली योजनाओं में भी राजस्थान की स्थिति मजबूत रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की फरवरी 2026 की रैंकिंग, पोषण माह 2025 की गतिविधियों, नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत आभा आईडी बनाने और पीएम विश्वकर्मा योजना में कौशल प्रशिक्षण, ऋण स्वीकृति एवं वितरण जैसे क्षेत्रों में राज्य देश में दूसरे स्थान पर रहा है। वीबी-जी राम जी कार्यक्रम के तहत लगभग 97 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में कार्य शुरू होने के आधार पर भी राज्य को दूसरा स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्रभावी कार्यशैली और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का ही नतीजा है कि राजस्थान राष्ट्रीय स्तर पर इतने क्षेत्रों में शीर्ष पर है। सरकार का कहना है कि जनकल्याण की योजनाओं को जमीन पर उतारने की यही रफ्तार आगे भी जारी रहेगी, ताकि विकास और सुशासन का लाभ प्रदेश के हर परिवार तक पहुंचे।
