उत्तर प्रदेश: उरई में कल 2 नवंबर को वृहद रोजगार मेला, 2000 से ज्यादा पदों पर भर्ती का मौका
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई शहर में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका कल यानी सोमवार 2 नवंबर को मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय उरई की ओर से दयानन्द वैदिक कॉलेज (डीवीसी) उरई में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में सुबह 10 बजे से युवाओं के इंटरव्यू और चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इस मेले में 30 से ज्यादा प्रतिष्ठित निजी कंपनियाँ भाग लेंगी और 2000 से ज्यादा रिक्त पदों पर योग्य युवाओं का चयन किया जाएगा।
इस रोजगार मेले में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, मदरसन, बीकेटी टायर्स, अदाणी सोलर और ब्लिंकिट जैसी नामी कंपनियाँ शामिल होंगी। चयनित युवाओं को उनकी योग्यता और पद के अनुसार हर महीने 10 हजार रुपये से लेकर 35 हजार रुपये तक का वेतन मिल सकता है। मेले में भाग लेने के लिए युवाओं की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पूरी चयन प्रक्रिया नि:शुल्क रखी गई है, यानी इंटरव्यू या चयन के लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं देना होगा।
मेले में आने वाले युवाओं को अपने साथ अपना बायोडाटा और सभी जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज लाने होंगे। साथ ही रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पहले से नि:शुल्क पंजीकरण कराना अनिवार्य है। जिला सेवायोजन कार्यालय के अनुसार मेले के दौरान अभ्यर्थियों की कॅरियर कॉउन्सिलिंग भी की जाएगी, जिसमें उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन और जरूरी जानकारियाँ दी जाएँगी।
यह रोजगार मेला उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका मकसद प्रदेश के युवाओं को उनके ही जिले के नजदीक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उरई के युवाओं के लिए यह पहला बड़ा रोजगार मेला माना जा रहा है, जिसमें एक ही जगह इतनी कंपनियों के इंटरव्यू देने का मौका मिलेगा। इच्छुक युवा समय पर दयानन्द वैदिक कॉलेज उरई पहुँचकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार विभाग के हेल्पलाइन नंबर 155330 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
