ग्रेटर नोएडा में NCB की बड़ी कार्रवाई: 45 करोड़ की ड्रग फैक्ट्री पकड़ी, अमित शाह ने दी बधाई
केंद्र सरकार के नशामुक्त भारत अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दो गुप्त ड्रग फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। शुक्रवार 16 अक्टूबर को गौतमबुद्ध नगर जिले के जहानाबाद कदलपुर गांव में छापेमारी कर NCB ने 379.740 किलोग्राम एम्फेटामाइन युक्त सामग्री बरामद की, जिससे करीब 56 किलोग्राम तैयार क्रिस्टलाइन एम्फेटामाइन बनाई जा सकती थी। अवैध बाजार में जब्त ड्रग की कीमत लगभग 45 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों के अनुसार दोनों फैक्ट्रियां किराए के मकानों में गुपचुप तरीके से चलाई जा रही थीं और वहां से रसायन, पूर्ववर्ती पदार्थ और ड्रग बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
NCB के अनुसार इस ऑपरेशन में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो के अनुसार इनमें से एक ने खुद को नाइजीरियाई नागरिक बताया था, लेकिन आप्रवासन रिकॉर्ड से पता चला है कि वह जनवरी 2020 में ‘फ्रांसिस कालोको’ के नाम से सिएरा लियोन के नागरिक के रूप में पर्यटक वीजा पर भारत आया था, जिसकी वैधता दिसंबर 2020 में समाप्त हो गई थी। दूसरा आरोपी मिजोरम की निवासी है। ब्यूरो के अनुसार इन दोनों से पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने NCB की इस कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने एक्स पर कहा कि यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी के आधार पर की गई प्रवर्तन कार्रवाई का एक उल्लेखनीय उदाहरण है और दिसंबर 2029 से पहले ड्रग कार्टेलों को जड़ से खत्म करने की सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। गृह मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत मिशन के तहत अपनाए गए ‘नारकोटिक्स कंट्रोल 2026-2029 विजन दस्तावेज’ की दिशा में एक बड़ा कदम है। अधिकारियों के अनुसार एजेंसी ने पहले संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और फिर एक साथ दोनों ठिकानों पर छापा मारा।
