Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

राजनीतिहरियाणा

नायब सैनी का दावा: दो साल में 46,500 युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची नौकरी, सिंगापुर-स्वीडन से ₹9,500 करोड़ निवेश की सहमति

Spread the love

हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने सरकार के दो साल के कामकाज का ब्यौरा पेश किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार, खिलाड़ियों को सुविधाएं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने को सरकार की प्राथमिकता बताया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बिना पर्ची-बिना खर्ची के 46 हजार 500 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। अनुबंधित कर्मचारियों, तकनीकी शिक्षा के अतिथि संकाय, कॉलेजों के एक्सटेंशन लेक्चरर और अतिथि प्राध्यापकों को सेवा सुरक्षा दी गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पांच वर्ष से अधिक सेवा वाले कॉमन कैडर ग्रुप-डी कर्मचारियों का लिपिक पद पर पदोन्नति कोटा 20 से बढ़ाकर 30 प्रतिशत किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जुलाई 2025 में CET-C परीक्षा का सफल आयोजन करवाया, जिसमें 13 लाख 48 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया और परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने का खर्च सरकार ने वहन किया। ग्रुप-डी के लिए दोबारा CET आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए 15 लाख 9 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 885 रोजगार मेलों और प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया है, जिनमें 11 हजार 162 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला। सक्षम युवा योजना के तहत 2 लाख 75 हजार युवाओं को 657 करोड़ 27 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है।

निवेश पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर दौरे में 5,500 करोड़ रुपये और स्वीडन दौरे में 4,000 करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति बनी है, जिससे 11,000 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। सिंगापुर की कंपनियों के सहयोग से पंचकूला, करनाल, हिसार, सोनीपत और रोहतक को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और तकनीक-आधारित कारोबार के नए केंद्रों के रूप में विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री के मुताबिक मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026 और 10 सेक्टोरल नीतियों के तहत अगले पांच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने और 10 लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य है। दोनों देशों के प्रतिनिधियों को अप्रैल 2027 में आयोजित होने वाली ‘हैपनिंग हरियाणा’ ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार ने संकल्प पत्र के 217 वादों में से 76 पूरे कर दिए हैं और बाकी पर तेजी से काम हो रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *