पंजाब में “झूठ और चुटकलों की सरकार” — जलंधर में CM सैनी का AAP सरकार पर बड़ा हमला, “नशा मुक्त पंजाब” का संकल्प
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की AAP सरकार पर जोरदार हमला बोला है। रविवार को जलंधर में भगवान वाल्मीकि प्राकटोत्सव के अवसर पर आयोजित विशाल तीर्थ यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद सभा को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि पंजाब में “झूठ और चुटकलों की सरकार” चल रही है, जिसने राज्य को नशे के गर्त में धकेल दिया है।
सैनी ने कहा, “कलम और हुनर की जगह पंजाब के युवाओं के हाथों में चिट्टा के इंजेक्शन और पैकेट देखकर कलेजा रोता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि AAP सरकार ने नौकरियों के वादे किए थे, लेकिन युवाओं को नशे की तरफ धकेला गया। सैनी ने कहा कि पंजाब को नशे के इस संकट से सिर्फ बीजेपी सरकार ही बचा सकती है, क्योंकि नशा मुक्त पंजाब का संकल्प लेकर बीजेपी केंद्र और राज्यों में काम कर रही है।
यह तीर्थ यात्रा भगवान वाल्मीकि उत्सव समिति द्वारा वाल्मीकि आश्रम, जलंधर से प्राकट दिवस के अवसर पर निकाली गई। यात्रा का समापन अमृतसर के श्री रामतीर्थ भगवान वाल्मीकि आश्रम में होगा। सैनी ने यात्रा को “एकता की यात्रा” और “साझा विरासत का उत्सव” बताया।
अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने पंजाब के रामायण से जुड़ाव पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जलंधर ‘लव की नगरी’ है और रामायण में पंजाब की नदियों का उल्लेख है — वाल्मीकि जी ने विपाशा (ब्यास) और शतद्रु (सतलुज) नदियों का वर्णन किया है। सैनी ने कहा कि नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करना ही राम राज्य की ओर पहला कदम है।
सैनी ने हरियाणा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी सरकारें वादों को निभाती हैं, जबकि पंजाब में AAP सरकार ने वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि की शिक्षाएं समानता, सौहार्द और करुणा की हैं और नशा मुक्त, समृद्ध समाज बनाने के लिए इन पर चलना होगा।
