अमित शाह 5 नवंबर को करनाल में करेंगे पदयात्रा: ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ अभियान में सैनी भी होंगे साथ
करनाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को हरियाणा के करनाल में भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। भाजपा की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने रविवार को करनाल में अभियान की तैयारियों की समीक्षा के बाद यह घोषणा की। शाह सुबह 10 बजे पदयात्रा में शामिल होंगे। यात्रा सेक्टर 12 से शुरू होकर महात्मा गांधी चौक पर समाप्त होगी।
इस पदयात्रा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। डॉ. गुप्ता ने रविवार को करनाल स्थित पार्टी के जिला कार्यालय ‘कर्ण कमल’ में कोर ग्रुप और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। अभियान की समग्र जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री वेद फूलन को सौंपी गई है, जिनके साथ पूर्व मंत्री कविता जैन और युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष करण प्रताप सिंह सहयोग करेंगे।
यह अभियान मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए चलाया जा रहा है। भाजपा का कहना है कि विपक्ष ‘वोट चोरी’ जैसे झूठे आरोपों से जनता को गुमराह कर रहा है और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ भ्रम फैला रहा है। अभियान का पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 11 से 30 नवंबर तक देशभर में जनसंपर्क के रूप में जारी रहेगा।
अभियान के तहत राज्यभर में पदयात्राएं जनसभाएं प्रेस वार्ताएं प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद और युवा सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। हर जिले की पदयात्रा में करीब 10 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है, और हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 200 प्रबुद्ध व आमंत्रित नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे। विश्वविद्यालयों महाविद्यालयों आईटीआई और कोचिंग केंद्रों के युवाओं तक भी पहुंच बनाई जा रही है — राष्ट्रीय स्तर पर 10 लाख से अधिक युवाओं और पेशेवरों तक पहुंचने का लक्ष्य है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची की शुद्धता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता का भरोसा मजबूत करना ही इस अभियान का उद्देश्य है। करनाल की पदयात्रा इसी कड़ी में अभियान के पहले चरण का प्रमुख कार्यक्रम होगी।
