Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

विकासहरियाणा

हरियाणा में ₹399.85 करोड़ की पानी-सीवरेज परियोजनाओं को मंजूरी: सैनी सरकार के फैसले से रोहतक-हिसार-अंबाला को बड़ी राहत

Spread the love

हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने पेयजल आपूर्ति, सीवरेज और गंदे पानी के शोधन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ₹399.85 करोड़ की 13 परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। यह फैसला बुधवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समिति और उच्चाधिकार प्राप्त कार्य खरीद समिति की बैठकों में लिया गया।

बैठक में 13 परियोजनाओं के प्रस्तावों की अनुमानित लागत करीब ₹419.34 करोड़ आंकी गई थी, लेकिन बोलीदाताओं से विस्तृत बातचीत के बाद अंतिम लागत ₹399.85 करोड़ तय हुई। इस तरह सरकार ने करीब ₹19.49 करोड़ की बचत की। बैठकों में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा और सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नए वाटरवर्क्स, बूस्टिंग स्टेशनों और पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए लोगों को स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वाटरवर्क्स और बूस्टिंग स्टेशनों के जल भंडारण टैंकों की फर्श को रीइन्फोर्स्ड सीमेंट कंक्रीट से मजबूत किया जाएगा, ताकि पानी का रिसाव रोका जा सके।

मंजूर परियोजनाओं में रोहतक में सीवरेज पुनरुद्धार पर विशेष ध्यान दिया गया है। गांधी नगर से मुख्य झज्जर रोड तक बड़ी सीवर लाइन के उन्नयन पर ₹15.90 करोड़, क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत व नवीनीकरण पर ₹17.25 करोड़, सिंघपुरा में सीवर लाइन सुधार पर ₹16 करोड़ और सुखपुरा चौक के पास मरम्मत कार्यों पर ₹15 करोड़ खर्च होंगे।

अंबाला जिले के शाहजादपुर में ₹48 करोड़ की लागत से सीवर लाइनें बिछाई जाएंगी, 3-एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा और पेयजल संबंधी कार्य होंगे। जगाधरी में सीवरेज पुनरुद्धार व पाइपलाइन कार्यों के लिए ₹24 करोड़, धनौरी में नहर-आधारित वाटरवर्क्स, 2-एमएलडी STP और संबंधित ढांचे के लिए ₹42.50 करोड़ मंजूर हुए हैं।

इसके अलावा रतिया में मुख्य वाटरवर्क्स टैंक के सुधार पर ₹31.50 करोड़, हिसार में 10-एमएलडी STP व मध्यवर्ती पंपिंग स्टेशन पर ₹33.95 करोड़, कमरी गांव में नए वाटरवर्क्स व बूस्टिंग स्टेशन पर ₹54 करोड़ और पंचकूला में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के नए भवन पर ₹58.50 करोड़ खर्च किए जाएंगे। गुरुग्राम के चंदू बुढेड़ा में ₹49.50 करोड़ से 100-एमएलडी क्षमता का स्वचालित जल शोधन संयंत्र व स्वच्छ जलाशय बनेगा, जबकि महेंद्रगढ़ के असरावास में ₹25.49 करोड़ का 5-एमएलडी वाटरवर्क्स और नूंह के घासेड़ा में ₹17.90 करोड़ से सीवरेज व STP सुविधा विकसित होगी। इसी बैठक में करनाल में ₹29.91 करोड़ के रेस्ट हाउस को भी हरी झंडी मिली।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *