कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पर बनेगा 120 करोड़ का 90 कमरों का गेस्ट हाउस, गीता महोत्सव 5 दिसंबर से
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सरकार ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव से पहले कुरुक्षेत्र के विकास के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की 83वीं बैठक में ब्रह्मसरोवर पर 120 करोड़ रुपये की लागत से 90 कमरों का गेस्ट हाउस बनाने की घोषणा की। यह गेस्ट हाउस 6.5 एकड़ जमीन पर बनेगा और महोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के ठहरने की बड़ी सुविधा बनेगा।
बैठक की अध्यक्षता राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने की, जबकि मुख्यमंत्री सैनी ने तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने पुरुषोत्तमपुरा में गुरु तेग बहादुर द्वार बनाने, पुरातत्व विभाग की सिफारिशों के अनुसार प्राचीन द्रौपदी कूप का जीर्णोद्धार करने और ज्योतिसर में प्रवेश द्वार व गीता स्तंभ बनाने की भी घोषणा की। ब्रह्मसरोवर की सुंदरता बढ़ाने के लिए मोरपंख के आकार की लाइटों और टाइलों से सजावट की जाएगी।
इस वर्ष का अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 5 से 25 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत 5 दिसंबर को सरस और शिल्प मेलों से होगी। इस बार पश्चिम बंगाल और दिल्ली साझेदार राज्य के रूप में भाग लेंगे। पहली बार महोत्सव के दौरान लगने वाली प्रदर्शनी में भारतीय नौसेना, वायुसेना, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद भी हिस्सा लेंगे।
बैठक में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने डिजिटल हेरिटेज ऐप और कुरुक्षेत्र सारथी मोबाइल ऐप भी लॉन्च किए। ये ऐप श्रद्धालुओं को कुरुक्षेत्र के धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही 48 कोस के कुरुक्षेत्र क्षेत्र के 182 पवित्र स्थलों तक जन-संपर्क अभियान पहुंचाया जाएगा, ताकि महोत्सव की पहुंच गांव-गांव तक हो। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन सेवाओं और बस सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह ने कुरुक्षेत्र की पहचान विश्व स्तर पर स्थापित की है और शहर का हर तरह से विकास किया जाएगा। गीता महोत्सव 2016 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है और हर वर्ष इसमें देश-विदेश के कलाकार, विद्वान और पर्यटक बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।
