हिसार: कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट का निरीक्षण, प्रतिमा स्थापना के निर्देश
हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने 21 अक्टूबर को हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ हिसार के महापौर प्रवीण पोपली भी मौजूद रहे। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हवाई अड्डे से जुड़े सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा हिसार और आसपास के क्षेत्रों के विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना आवश्यक है। निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
मंत्री गोयल ने हवाई अड्डे के परिसर में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान का जल्द से जल्द चयन किया जाए, ताकि इस कार्य को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महापुरुषों से जुड़ी स्मृतियों को संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है।
एयरपोर्ट निरीक्षण के बाद मंत्री ने अग्रोहा स्थित पुरातात्विक स्थल का दौरा किया और वहां चल रहे संरक्षण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों से अब तक की खुदाई, आगामी चरणों में प्रस्तावित उत्खनन कार्यों तथा स्थल पर प्रस्तावित संग्रहालय और लाइट एंड साउंड शो की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देश दिए कि संग्रहालय और लाइट एंड साउंड शो की तैयारियों को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल के महत्व को आमजन और पर्यटकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। अग्रोहा जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का योजनाबद्ध विकास होने से पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
