सुमित अंतिल आज बचाएंगे भाला फेंक का खिताब: एशियन पैरा गेम्स में सोनीपत के स्टार पर सबकी नजर
जापान। जापान के आइची-नागोया में चल रहे पांचवें एशियन पैरा गेम्स के दूसरे दिन यानी आज 19 अक्टूबर को पैरा एथलेटिक्स की शुरुआत हो रही है। दोपहर के सत्र में मेन्स भाला फेंक F64 का फाइनल होगा, जिसमें हरियाणा के सोनीपत के सुमित अंतिल अपना खिताब बचाने उतरेंगे। दो बार के पैरालंपिक चैंपियन और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर सुमित भारत के सबसे बड़े स्वर्ण दावेदारों में गिने जा रहे हैं।
सुमित ने 2023 में हांगझोउ एशियन पैरा गेम्स में 73.29 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था, जो उस समय वर्ल्ड रिकॉर्ड भी था। इसके बाद उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 74.82 मीटर का थ्रो फेंका, जो अब तक का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 पैरालंपिक में भी सुमित ने स्वर्ण जीता है। 28 वर्षीय सुमित को खेलों से पहले दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उनका ध्यान हमेशा एग्जिक्यूशन पर रहता है — किसी खास नंबर के पीछे भागने के बजाय रन-अप, रिदम, तकनीक, रिलीज और निरंतरता पर फोकस करना ही उनकी सफलता का मंत्र है।
भारत ने इस बार 168 एथलीटों का दल आइची-नागोया भेजा है, जो 11 खेलों में हिस्सा ले रहा है। पैरा एथलेटिक्स में 62 एथलीट हैं — भारत का सबसे बड़ा दस्ता। आज ही से पैरा शूटिंग और पैरा आर्चरी भी शुरू हो रही है। एशियन पैरा गेम्स 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों की शुरुआत से पहले ही भारतीय दल को शुभकामनाएं दी थीं। अब सबकी निगाहें सुमित अंतिल पर टिकी हैं — अगर वे आज खिताब बचाने में कामयाब रहते हैं तो यह भारतीय पैरा खेलों के इतिहास का एक और स्वर्णिम अध्याय होगा। फाइनल का नतीजा आते ही हमारी वेबसाइट पर पूरी अपडेट दी जाएगी।
