सिरसा मंडियों में पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, बोले- धान का एक-एक दाना खरीदेगी सरकार
सिरसा। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने सिरसा, डबवाली, कालांवाली और रानियां की अनाज मंडियों का दौरा किया। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से धान खरीद, उठान, भुगतान और बारदाने की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि औसत से अधिक पैदावार वाला किसान लिखित आवेदन मार्केट कमेटी सचिव को दे सकता है, जिस पर 48 घंटे में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 17 प्रतिशत तक नमी वाला धान नियमानुसार खरीदा जा रहा है और जे-फार्म जारी होने के बाद किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है।
मंत्री ने किसानों से फसल विविधीकरण अपनाने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि धान छोड़कर कपास या दलहन जैसी फसलें अपनाने वाले किसानों को सरकार 10,000 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देगी। इससे भूजल संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि हरियाणा में धान की सरकारी खरीद 29 सितंबर से शुरू हो चुकी है और 15 नवंबर तक चलेगी। सरकार ने इस बार धान का 58 लाख मीट्रिक टन खरीद लक्ष्य रखा है। मंत्री के दौरे से मंडी में मौजूद किसानों में खरीद को लेकर भरोसा बढ़ा है।
