पलवल को बड़ी सौगात: जलभराव से राहत के लिए ₹11.51 करोड़ की दो ड्रेन परियोजनाओं को हरी झंडी
पलवल के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हरियाणा के खेल मंत्री और पलवल विधायक गौरव गौतम के प्रयासों से नगर परिषद पलवल की दो स्टॉर्म वाटर ड्रेन परियोजनाओं को शहरी स्थानीय निकाय विभाग से प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹11.51 करोड़ है।
परियोजनाओं का खर्च राज्य सरकार और नगर परिषद मिलकर वहन करेंगी। राज्य सरकार 75 प्रतिशत यानी करीब ₹8.64 करोड़ देगी, जबकि शेष 25 प्रतिशत यानी लगभग ₹2.88 करोड़ नगर परिषद पलवल खर्च करेगी। 16 अक्टूबर 2026 को इन परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी जारी हुई।
पहली परियोजना के तहत रेलवे लाइन से आगरा नहर तक पलवल-अलीगढ़ रोड (NH-334D) के दोनों ओर ड्रेन बनाई जाएगी। इस ड्रेन के लिए ₹9.9284 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृत लागत तय की गई है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के निचले इलाकों में बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव से बड़ी राहत मिलेगी।
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल के विकास के लिए सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। जलभराव शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या थी, जिसका अब स्थायी समाधान होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
नगर परिषद पलवल के अधिकारियों के मुताबिक ड्रेन निर्माण की तकनीकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और तय समयसीमा में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि जल निकासी की बेहतर व्यवस्था से शहर की सड़कों और गलियों में पानी जमा होने की समस्या खत्म होगी।
