हरियाणा सरकार के 2 साल पूरे: आज दोपहर 2:30 बजे CM नायब सैनी की बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस, 1 नवंबर को मोदी के अंबाला दौरे का ऐलान संभव
हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ में बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। हरियाणा निवास में दोपहर 2:30 बजे होने वाली इस प्रेस वार्ता से पहले दोपहर 1 बजे मीडियाकर्मियों के लिए लंच का प्रबंध किया गया है। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग ने कार्यक्रम का निमंत्रण जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री इसमें सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां मीडिया के सामने रखेंगे।
सूत्रों के अनुसार इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित हरियाणा दौरे को लेकर बड़ा ऐलान हो सकता है। चर्चा है कि प्रधानमंत्री 1 नवंबर को हरियाणा आ सकते हैं और अंबाला में संभावित हैं। हरियाणा दिवस और प्रदेश के गठन की 60वीं वर्षगांठ पर अंबाला में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा, जिसमें अंबाला छावनी में करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 1857 की जंग-ए-आजादी के भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण मोदी के हाथों संभव है। हालांकि दौरे की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी पहले बयान दे चुके हैं कि प्रधानमंत्री जल्द ही अंबाला छावनी आएंगे। प्रशासन ने हरियाणा दिवस के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोक निर्माण विभाग ने टेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य व्यवस्थाओं के लिए 4,75,71,700 रुपये का ओपन टेंडर जारी किया है। 16 अक्टूबर को प्री-बिड बैठक हुई और 19 अक्टूबर शाम 5 बजे तक बोलियां जमा होंगी।
मुख्यमंत्री अपने हालिया स्वीडन दौरे के दौरान हुए निवेश समझौतों की विस्तृत जानकारी भी साझा कर सकते हैं। स्वीडन दौरे में 4,000 करोड़ रुपये के आशय पत्रों (LOI) पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें 3,000 करोड़ रुपये का एक बड़ा प्रस्ताव और रिटेल-वेयरहाउसिंग क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये के सौदे शामिल हैं। इसके अलावा गुरुग्राम-स्टॉकहोम शहर सहयोग समझौता भी हुआ। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दो साल के कामकाज के साथ आगामी विकास योजनाओं पर भी चर्चा की उम्मीद है।
