करनाल से ‘खेत बचाओ अभियान–रबी 2026’ का शुभारंभ: कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया लॉन्च, 30 नवंबर तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान
हरियाणा के करनाल से किसान हित में बड़ी पहल शुरू हुई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 22 अक्टूबर को करनाल से राष्ट्रव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान–रबी 2026’ का शुभारंभ किया। यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा, जिसमें मिट्टी स्वास्थ्य सुधार, संतुलित खाद उपयोग, फसल विविधीकरण और टिकाऊ खेती पर विशेष जोर दिया जाएगा। करनाल से इस अभियान की शुरुआत होना हरियाणा के लिए गौरव की बात है।
अभियान का केंद्रबिंदु मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग है। इसके तहत तिलहन, दलहन और बागवानी मिशनों के जरिए फसल विविधीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा, साथ ही धान की कटाई के बाद खाली पड़े खेतों के प्रभावी उपयोग पर भी ध्यान रहेगा। पराली प्रबंधन, प्राकृतिक खेती और जैविक-आधारित कृषि उत्पादों के सही उपयोग को लेकर किसानों में जागरूकता फैलाई जाएगी।
जल संरक्षण भी अभियान की अहम कड़ी है। वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जल-कुशल खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। हरित अमोनिया सहित उर्वरकों का उचित उपयोग, उपयुक्त फसलों के साथ अंतर-फसल, एकीकृत कृषि प्रणाली और पुनर्योजी खेती की तकनीकों के मैदानी प्रदर्शन भी अभियान का हिस्सा होंगे। किसान आईडी बनाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ और किसान क्रेडिट कार्ड की सैचुरेशन को लेकर भी किसानों को जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दायरे में राज्य कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के संस्थान, कृषि विश्वविद्यालय और कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसियां (ATMA) एक साथ काम करेंगे। अनुमान है कि कृषि विज्ञान केंद्रों और ATMA की करीब 4,150 टीमें अभियान में उतरेंगी, जिनमें 12,000 से अधिक वैज्ञानिक और अधिकारी भाग लेंगे। राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर किसान सम्मेलन, चौपाल, प्रशिक्षण और खेत प्रदर्शन आयोजित होंगे।
स्थानीय भाषा में सामग्री, रेडियो, दूरदर्शन और सोशल मीडिया के जरिए अभियान का प्रचार किया जाएगा। लक्ष्य है कि करीब एक करोड़ किसान इस अभियान से जुड़ें। यह अभियान विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप मिट्टी और जल संरक्षण को मजबूत कर खेती की लागत घटाने और किसानों की दीर्घकालिक समृद्धि की दिशा में एक मजबूत कदम है।
