हरियाणा राशन डिपो भर्ती 2026: 2651 पदों पर आवेदन शुरू, 10 नवंबर है आखिरी तारीख
हरियाणा सरकार ने राज्य में 2651 राशन डिपो (फेयर प्राइस शॉप) के लाइसेंस के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, गांवों और शहरी वार्डों में उचित मूल्य की दुकानों के संचालन के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और 10 नवंबर 2026 तक चलेंगी। सभी आवेदन आधिकारिक SARAL पोर्टल saralharyana.gov.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
विभाग के नोटिस के मुताबिक, इन 2651 राशन डिपो में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए रखा गया है। चयन प्रक्रिया में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद फील्ड वेरिफिकेशन और दस्तावेजों की जांच के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इससे ऐसे उम्मीदवारों के लिए यह एक अच्छा अवसर है जो बिना परीक्षा के सरकारी व्यवस्था से जुड़ना चाहते हैं।
पात्रता की बात करें तो आवेदक की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर 12वीं पास के साथ बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान का प्रमाणपत्र आवश्यक है। साथ ही आवेदक संबंधित गांव या वार्ड का स्थायी निवासी हो और उसके पास वैध परिवार पहचान पत्र (PPP) हो।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार, राशन डिपो धारक बनने वाले व्यक्ति अपने क्षेत्र में खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण करेंगे। गांव या वार्ड में ही दुकान का आवंटन होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर भी मिलेगा और राशन वितरण व्यवस्था भी मजबूत होगी। इच्छुक उम्मीदवार 10 नवंबर से पहले सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सरल पोर्टल पर आवेदन करें और आवेदन की प्रति संभालकर रखें।
