हरियाणा धान खरीद: कृषि मंत्री राणा ने रोहतक मंडियों का किया निरीक्षण, MSP भावांतर सीधे खाते में
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार को रोहतक, सांपला और महम की अनाज मंडियों का निरीक्षण कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। मंत्री ने मंडियों में पहुंचे किसानों और आढ़तियों से बातचीत की, उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को खरीद और उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार किसानों की फसल की सुचारू और पारदर्शी खरीद सुनिश्चित कर रही है। मंडियों में बारदाने, फसल सत्यापन और गेट पास से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। धान के उठान के लिए राइस मिलों और शैलरों की पर्याप्त व्यवस्था कर दी गई है, ताकि मंडियों में उपज का अनावश्यक जमाव न हो।
मंत्री ने बताया कि भावांतर भरपाई की राशि जे-फॉर्म कटने के बाद सीधे किसानों के खातों में भेजी जा रही है। फसल के उठान के 48 घंटे के भीतर खरीद राशि हस्तांतरित करने की व्यवस्था लागू है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुसार 17 प्रतिशत तक नमी वाली धान खरीदी जा रही है और किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदना सरकार की प्राथमिकता है।
राणा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि धान खरीद में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंडियों में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रहे और किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके ही मंडी में लेकर आएं, ताकि नमी के कारण खरीद में अड़चन न आए।
आगामी रबी सीजन को देखते हुए मंत्री ने डीएपी और यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने और खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद मिले, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
निरीक्षण के दौरान पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार और महम के एसडीएम विपिन कुमार शर्मा सहित अधिकारी व भाजपा नेता मौजूद रहे।
