हड़ताल के बीच हरियाणा पुलिस ने संभाला मोर्चा: फीडर बहाल, जनरेटर ठीक कर पानी की आपूर्ति फिर शुरू
हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान जब कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई, तब राज्य पुलिस ने अपनी पारंपरिक ड्यूटी से आगे बढ़कर संकट प्रबंधन का मोर्चा संभाल लिया। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक पुलिस ने सेवानिवृत्त बिजली कर्मचारियों, जूनियर इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर कई जिलों में फीडर चालू किए और पेयजल आपूर्ति दोबारा शुरू कराई।
कैथल में पुलिस की मदद से बलियार कलां 66 केवी स्टेशन के 4 में से 3 फीडर दोबारा चालू हो गए। रेवाड़ी में 20 से ज्यादा फीडर बहाल हुए, जिससे 100 से अधिक गांवों के निवासियों को राहत मिली। रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के जिला पुलिस व प्रशासन ने युद्धस्तर पर काम करते हुए पिछले 24 घंटों में रेवाड़ी जिले में ही 20 फीडर चालू किए। कुछ बिजली घरों में पुलिसकर्मियों ने स्वयं फॉल्ट ठीक किए। पानीपत में भी पुलिस ने आपूर्ति बहाली के प्रयास किए।
हिसार के आदमपुर पुलिस स्टेशन ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर थाने और आसपास के इलाकों में बिजली बहाल की। वहीं महावीर कॉलोनी वाटर वर्क्स का जनरेटर ठीक करवाकर पेयजल आपूर्ति दोबारा चालू कराई गई। करनाल में पुलिस को कई पावर हाउसों पर तैनात किया गया, जबकि असंध, निसिंग पुलिस स्टेशनों और सदर बाजार पुलिस पोस्ट की टीमों ने निवासियों की मदद के लिए बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान किया।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता को राहत देने के लिए 24×7 तैनात है। रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक हेमेन्द्र कुमार मीणा ने भी जनता से आपात स्थिति में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। सेवानिवृत्त इलेक्ट्रिकल इंजीनियरों, बिजली निगम के अन्य कर्मचारियों और निजी इलेक्ट्रीशियनों की मदद से तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया।
