हरियाणा ITI रोजगार पोर्टल 2026: ITI युवाओं को उद्योगों से जोड़ेगा डिजिटल पोर्टल, हर जिले में लगेगा रोजगार मेला — CM सैनी के निर्देश
हरियाणा के ITI पास युवाओं के लिए रोजगार के दरवाजे और चौड़े होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि ITI से प्रशिक्षित युवाओं को उद्योगों से सीधे जोड़ने के लिए एक डिजिटल पोर्टल तैयार किया जाए। इस पोर्टल पर ITI से पास होने वाले हर छात्र का पूरा डेटा अपलोड होगा, जिससे उद्योग बिना किसी बिचौलिए के सीधे कुशल उम्मीदवारों तक पहुंच सकेंगे और उन्हें रोजगार के प्रस्ताव दे सकेंगे।
बैठक में युवा रोजगार एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ पोर्टल ही नहीं, प्रदेश के हर जिले में बड़े पैमाने पर रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए एक सुव्यवस्थित कैलेंडर जारी होगा, ताकि नियमित अंतराल पर भर्ती अभियान चलते रहें और युवाओं को बार-बार मौके मिलें।
सैनी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि ITI से निकले युवाओं और इंटर्नशिप कर रहे छात्रों की ट्रैकिंग की व्यवस्था बने। कोर्स पूरा करने के बाद कितने युवाओं को रोजगार मिला, इसका हिसाब रखा जाएगा — ताकि कौशल विकास कार्यक्रमों की असली असर का आकलन हो सके और जवाबदेही तय हो।
ITI के बुनियादी ढांचे को भी आधुनिक बनाने की योजना है। पुरानी और खराब मशीनों को बदला जाएगा, नवीनतम तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर नए कोर्स शुरू होंगे, प्रशिक्षकों को आधुनिक कौशल की ट्रेनिंग दी जाएगी और उद्योगों के साथ जुड़ाव मजबूत किया जाएगा। निजी ITI संस्थानों में पाई गई अनियमितताओं पर मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, खासकर वहां जहां प्रशिक्षु नियमित उपस्थित नहीं होते।
बैठक में यह भी तय हुआ कि सक्षम योजनाओं के तहत प्रशिक्षित युवाओं को नौकरी प्लेसमेंट और ठेके पर मिलने वाले कामों में प्राथमिकता दी जाएगी। SDIT की डुअल ट्रेनिंग प्रणाली को सभी सरकारी ITI में लागू करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल भी जरूरी है, ताकि युवा तेजी से बदलते रोजगार बाजार में खुद को साबित कर सकें।
