हरियाणा: जिला अस्पतालों के लिए ₹3.26 करोड़ के चिकित्सा उपकरणों की खरीद को मंजूरी, ब्लड बैंक-लैब होंगे मजबूत
हरियाणा सरकार ने सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य स्वास्थ्य खरीद विशेष स्थायी क्रय समिति की बैठक में जिला अस्पतालों के लिए करीब ₹3.26 करोड़ के चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं की खरीद को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने की।
मंजूर प्रस्तावों में जिला अस्पतालों के लिए 9 सिक्स-बॉडी मोर्चुरी चैंबर (₹70.62 लाख) और 17 एलिवेटिंग पोस्टमॉर्टम टेबल (₹66.27 लाख) की खरीद शामिल है। इनके लिए दो वर्षीय रेट कॉन्ट्रैक्ट को भी हरी झंडी दी गई, जिससे भविष्य में खरीद प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रहेगी।
ब्लड बैंक और प्रयोगशालाओं को मजबूत करने के लिए करीब ₹1.09 करोड़ के उपकरणों की खरीद को मंजूरी मिली है। इसमें 25 डीप फ्रीजर (-40 डिग्री सेल्सियस), 20 एलाइजा रीडर विद वॉशर और 15 डिजिटल एनालिटिकल बैलेंस शामिल हैं। ये उपकरण रक्त जांच और प्रयोगशाला सेवाओं की गुणवत्ता व गति दोनों को बेहतर करेंगे।
इसके अलावा खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के लिए 2 डिसोल्यूशन और 2 डिसइंटीग्रेशन मशीनों (₹25 लाख) की खरीद को भी मंजूरी दी गई। ये मशीनें दवाओं की गुणवत्ता जांच में काम आती हैं। बैठक में राज्यव्यापी चिकित्सा उपकरण सर्वेक्षण और डिजिटल इन्वेंट्री प्रणाली को भी मंजूरी दी गई, जिससे सभी सरकारी अस्पतालों के उपकरणों का रिकॉर्ड एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन खरीदों से जिला अस्पतालों में जांच और उपचार की सुविधाएं बेहतर होंगी और मरीजों को बड़े शहरों की ओर रेफर करने की जरूरत कम होगी। सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले के अस्पताल में आधुनिक जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों।
