एशियन पैरा गेम्स: दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर T20 में गोल्ड जीता, 56.36 सेकंड के साथ तोड़ा गेम्स रिकॉर्ड
जापान के नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स में भारत की स्टार पैरा एथलीट दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर T20 दौड़ में गोल्ड मेडल जीत लिया है। 23 वर्षीय दीप्ति ने 56.36 सेकंड के शानदार समय के साथ न सिर्फ अपना खिताब बचाया, बल्कि गेम्स रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
दीप्ति ने 2022 के खेलों में 56.59 सेकंड के समय के साथ गोल्ड जीता था, और इस बार उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को और बेहतर कर दिया। इस दौड़ में जापान की नीना कानो ने 58.92 सेकंड के साथ सिल्वर और अकाने कातो ने 1:00.26 के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
यह इन खेलों में भारत का पांचवां गोल्ड मेडल है। दीप्ति जीवनजी 2024 पेरिस पैरालिंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट और विश्व चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं। तेलंगाना की इस एथलीट का यह प्रदर्शन भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए एक और गर्व का क्षण है।
गौरतलब है कि एशियन पैरा गेम्स में भारतीय दल का प्रदर्शन लगातार शानदार बना हुआ है और मेडल टैली में भारत छठे स्थान पर बना हुआ है।
