हरियाणा देश का पहला विकसित राज्य बनेगा: कुरुक्षेत्र हीरक जयंती समारोह में CM सैनी का संकल्प
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने हरियाणा को देश का पहला विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया है। रविवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित हीरक जयंती समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ने अपने गठन के 60 वर्षों में प्रगति का लंबा सफर तय किया है। एक नवंबर 1966 को हरियाणा का गठन हुआ था। उस समय प्रदेश को पिछड़े क्षेत्र के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज हरियाणा देश के अग्रणी और तेजी से विकास करने वाले राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि हीरक जयंती वर्ष आत्मचिंतन का अवसर है और सभी को आपसी भेदभाव भुलाकर विकसित हरियाणा का संकल्प लेना चाहिए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक ताकत के आंकड़े भी रखे। उन्होंने बताया कि देश के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल में हरियाणा की हिस्सेदारी मात्र 1.34 प्रतिशत है, जबकि देश की GDP में प्रदेश का योगदान लगभग 3.6 प्रतिशत है। देश में बनने वाली प्रत्येक तीन में से दो पैसेंजर कारों का उत्पादन हरियाणा में होता है। देश का हर दूसरा ट्रैक्टर और प्रत्येक दस में से छह मोटरसाइकिलें भी हरियाणा में बनती हैं। भारत के बासमती चावल के निर्यात में हरियाणा का योगदान 60 प्रतिशत से अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। उन्होंने लाल डोरा प्रतिबंधों की समाप्ति और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए शैक्षणिक योग्यता जैसे कदमों का भी उल्लेख किया। बुनियादी ढांचे की चर्चा करते हुए उन्होंने जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन और रोहतक व कुरुक्षेत्र में बन रहे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का जिक्र किया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले चरण के विकास का ध्यान छह दशकों की उपलब्धियों को आर्थिक वृद्धि, सामाजिक समरसता और समृद्धि के रोडमैप में बदलने पर होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की बधाई दी और कहा कि विकसित हरियाणा का संकल्प सामूहिक प्रयास से ही पूरा होगा।
