हरियाणा भाजपा ने अपने पुराने सारथियों को याद किया है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में उनसे मुलाकात कर उनका सम्मान किया। बुधवार को गुरुग्राम में आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने उन कार्यकर्ताओं से संवाद किया, जिन्होंने तीन दशक और उससे अधिक समय तक संगठन के लिए काम किया है। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व पदाधिकारी और संगठन की अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा चुके कार्यकर्ता शामिल थे। मुख्यमंत्री ने जिस अपनत्व के साथ पुराने साथियों की बातें सुनीं और उनके योगदान को महत्व दिया, उससे कार्यकर्ताओं के चेहरों पर संतोष और भावुकता साफ दिखाई दी।
इस सम्मेलन का संदेश संगठन की निरंतरता से जुड़ा है। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार है, लेकिन संगठन के इस सफर के कई पुराने सारथी धीरे-धीरे राजनीतिक गतिविधियों से दूर होते चले गए थे। बुधवार का सम्मेलन इन्हीं लोगों को फिर से केंद्र में ले आया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं गुरुग्राम जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद कर उनका मन जीत लिया। वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं अधिवक्ता रश्मिभूषण ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि पूरी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
इस पहल के पीछे हरियाणा भाजपा की प्रभारी स्मृति ईरानी का संदेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 22-23 अक्टूबर को पंचकूला में हुई संगठनात्मक बैठकों के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा था कि पार्टी को उन लोगों को नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने मुश्किल समय में संगठन को खड़ा किया। उसी सोच के तहत वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की यह पहल आगे बढ़ी है। संगठन में नए और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच का यह सेतु पार्टी की मजबूती के लिए जरूरी माना जाता है, क्योंकि पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है और संगठन की जड़ें मजबूत रहती हैं।
मुख्यमंत्री ने संगठनात्मक कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद को लेकर अपनी बात भी साझा की। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता, कार्यकर्ताओं का समर्पण और आपसी स्नेह ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और सामूहिक उत्साह से जनसेवा का मिशन आगे भी जारी रहेगा। गुरुग्राम के गुरुकमला कार्यालय में कार्यकर्ताओं से इस संवाद के साथ उन्होंने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। इस तरह गुरुग्राम का यह सम्मेलन केवल एक मुलाकात नहीं, बल्कि संगठन के पुराने साथियों के प्रति सम्मान और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का संदेश लेकर आया है।
प्रातिक्रिया दे