Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

विकासहरियाणा

हरियाणा: सैनी ने मोदी को लिखा पत्र, 12 साल में केंद्र से मिली करीब 2 लाख करोड़ की सहायता का किया जिक्र

Spread the love

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चार पृष्ठों का पत्र लिखा है। इस पत्र में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए आभार जताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार से हरियाणा को करीब 2 लाख करोड़ रुपये की सहायता मिली है। मुख्यमंत्री के अनुसार इसी केंद्रीय सहायता और विकास की बड़ी पहलकदमियों से हरियाणा के बुनियादी ढांचे और आर्थिक संभावनाओं को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी हरियाणा दिवस पर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था, जिसमें उन्होंने हरियाणा के विकास का ब्योरा साझा किया। प्रधानमंत्री ने लिखा कि पिछले एक दशक में हरियाणा की प्रगति के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा बनाना केंद्र सरकार की प्राथमिकता रही है। आज राज्य के सभी जिले राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ चुके हैं और 22 नए राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर पिछले 12 वर्षों में हरियाणा के विकास को तेज करने का काम किया है। किसानों को लेकर भी पत्र में ठोस आंकड़े सामने आए हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित दाम दिलाने के लिए 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। पिछले छह वर्षों में बढ़े हुए समर्थन मूल्य पर हरियाणा में फसलों की खरीद के जरिए लाखों किसानों को 1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हरियाणा के 15 लाख से ज्यादा किसान परिवारों को करीब 8 हजार करोड़ रुपये की सहायता मिली है, जबकि खरीफ फसलों पर 1 हजार 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का बोनस भी दिया गया है। मुख्यमंत्री सैनी ने अपने पत्र में हरियाणा को देश का पहला विकसित राज्य बनाने के संकल्प को भी दोहराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 2 करोड़ 80 लाख जनता की ओर से विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, बुनियादी ढांचा, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और स्टार्टअप के क्षेत्र में हुई प्रगति का श्रेय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्र सरकार के सहयोग को दिया है।


Spread the love

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *