हरियाणा फैमिली ID में 3 बड़े बदलाव: मुखिया की सहमति के बिना नहीं जुड़ेगा नया सदस्य, मोबाइल पर आएगा SMS अलर्ट
हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) यानी फैमिली ID से जुड़ी व्यवस्था में तीन अहम बदलाव किए गए हैं। अब एनरोलमेंट ID बनने, फैमिली ID तैयार होने और परिवार में नया सदस्य जुड़ने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर तुरंत SMS अलर्ट भेजा जाएगा। इससे परिवारों को अपने रिकॉर्ड में होने वाले बदलावों की जानकारी समय पर मिल सकेगी और वे अपने रिकॉर्ड पर नजर रख सकेंगे।
दूसरा बड़ा बदलाव नया सदस्य जोड़ने की प्रक्रिया में किया गया है। अब परिवार के मुखिया की सहमति के बिना फैमिली ID में किसी नए सदस्य का नाम नहीं जुड़ सकेगा। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला के अनुसार कई बार पारिवारिक विवाद या गलतियों के कारण परिवार पहचान पत्र में अनधिकृत रूप से सदस्य जुड़ने की शिकायतें सामने आती थीं। कई मामलों में गलत सदस्य भी परिवार की ID में शामिल हो जाते थे। नई व्यवस्था का उद्देश्य ऐसी गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह रोक लगाना है।
तीसरा बदलाव भविष्य की व्यवस्था से जुड़ा है। सरकार दिसंबर 2026 तक परिवार पहचान पत्र के नए संस्करण PPP 2.0 को लाने की तैयारी कर रही है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से परिवार की आय, संपत्ति और वित्तीय स्थिति का आकलन करने की योजना है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पैन कार्ड, आधार, प्रॉपर्टी ID, किसान ID, आभा ID, बैंक लोन और बच्चों की स्कूल फीस जैसी जानकारियों को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ा जाएगा। इन जानकारियों के आधार पर परिवार की वास्तविक आर्थिक स्थिति का आकलन एक ही दस्तावेज से संभव हो सकेगा।
SMS अलर्ट का लाभ लेने के लिए फैमिली ID में दर्ज मोबाइल नंबर का सही और चालू होना जरूरी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल नंबर बदल गया है तो उसे PPP रिकॉर्ड में अपडेट करवा लें, ताकि ID बनने, रिकॉर्ड में बदलाव और ओटीपी से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं बिना रुकावट मिलती रहें।
