Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

राजनीति

UP चुनाव 2027 की रणनीति: अमित शाह 30-31 अक्टूबर को लखनऊ बैठक से करेंगे भाजपा की चुनावी तैयारी की शुरुआत

Spread the love

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर बड़ी रणनीति बनाई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक से पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। माना जा रहा है कि शाह इस बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों को संबोधित करेंगे और 2027 के चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति की रूपरेखा तय करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक इस दो दिवसीय बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी एक दिन हिस्सा लेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल और भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े समेत वरिष्ठ नेता और कार्यसमिति के सदस्य शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक तैयारियों, पार्टी और सरकार के बीच समन्वय तथा 2027 के विधानसभा चुनाव के रोडमैप पर चर्चा होगी।

भाजपा की इस बैठक के बाद बूथ स्तर तक व्यापक अभियान चलाने की योजना है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले हफ्तों में अमित शाह उत्तर प्रदेश के सभी क्षेत्रों के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। इन बैठकों का मकसद जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना होगा।

उत्तर प्रदेश भाजपा की राष्ट्रीय रणनीति का केंद्र बिंदु है, ऐसे में चुनाव से काफी पहले संगठनात्मक तैयारियां शुरू करना पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। पार्टी का पूरा फोकस बूथ स्तर के नेटवर्क को मजबूत करने और प्रदेश नेतृत्व व जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बेहतर बनाने पर रहेगा।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं और भाजपा ने मिशन-2027 के तहत अभी से अपनी तैयारियों को गति दे दी है। विपक्षी दलों की ओर से भी गठबंधन की कवायद चल रही है, ऐसे में भाजपा की यह शुरुआती रणनीतिक बैठक चुनावी मुकाबले की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकती है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *