हरियाणा में तीर्थ यात्रियों को बड़ी सौगात: गुरु दर्शन, कैलाश मानसरोवर और सिंधु दर्शन यात्राओं में आर्थिक मदद का कोटा दोगुना
चंडीगढ़। हरियाणा के तीर्थ यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा, कैलाश मानसरोवर यात्रा और सिंधु दर्शन यात्रा के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता के वार्षिक कोटे को दोगुना करने का ऐलान किया है। अब हरियाणा के 50 की जगह 100-100 यात्री हर साल इन तीनों यात्राओं के लिए सरकार की आर्थिक मदद पा सकेंगे।
यह फैसला गुरुवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में पर्यटन विभाग की पांच वर्षीय कार्ययोजना की समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में हरियाणा विजन-2047 के तहत पर्यटन विकास के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन यात्राओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल विकसित करने के भी निर्देश दिए, ताकि सहायता का लाभ केवल पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत यात्रियों को ही मिले।
पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बैठक में बताया कि वर्तमान में राज्य सरकार स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा के लिए प्रति यात्री 20,000 रुपये, कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए 50,000 रुपये और सिंधु दर्शन यात्रा के लिए 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। कोटा बढ़ने के बाद भी प्रति यात्री सहायता की यह राशि यथावत रहेगी। यानी अब तीनों यात्राओं में कुल 300 यात्रियों को हर साल यह मदद मिल सकेगी, जबकि पहले यह संख्या 150 थी।
मुख्यमंत्री सैनी ने बैठक में कहा कि हरियाणा में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की समृद्ध विरासत है, जिसे संरक्षित करने के साथ-साथ विकसित भी किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन विभाग के कामकाज में सुधार के व्यापक निर्देश दिए और कहा कि हरियाणा को पर्यटन का केंद्र बनाने के लिए 2030 और 2047 के लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना पर तेजी से काम हो।
गौरतलब है कि हरियाणा विजन-2047 राज्य सरकार का दीर्घकालिक विकास खाका है, जो विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप तैयार किया गया है। इसके तहत पर्यटन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाले क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। बैठक में पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
