Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

विकासहरियाणा

हरियाणा: गोहाना से खाटूश्याम धाम तक चलेगी सीधी रोडवेज बस, ट्रायल सफल — जानें पूरा टाइमटेबल

Spread the love

खाटूश्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। हरियाणा रोडवेज ने गोहाना से राजस्थान स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है। 19 से 21 अक्टूबर तक इस रूट पर बस का तीन दिवसीय ट्रायल चलाया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। अब परिवहन मंत्री के कार्यक्रम के अनुसार बस सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा और मंत्री हरी झंडी दिखाकर बस को विधिवत रवाना करेंगे।

खाटूश्याम धाम तक सीधी बस सेवा शुरू होने से गोहाना और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा होगी। अब तक भक्तों को कई जगहों पर बसें बदलनी पड़ती थीं या निजी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ता था। सीधी रोडवेज बस चलने से यात्रियों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

टाइमटेबल के अनुसार रोडवेज की यह बस रोजाना सुबह 10 बजे गोहाना बस स्टैंड से रवाना होगी। इसके बाद सुबह 11:15 बजे महम और दोपहर 12 बजे भिवानी बस स्टैंड पर यात्रियों को लेगी। भिवानी से आगे बढ़ते हुए यह बस दोपहर 1:30 बजे लोहारू पहुंचेगी। राजस्थान सीमा में प्रवेश के बाद दोपहर 3:30 बजे झुंझुनूं और शाम 5:30 बजे सीकर पहुंचेगी। शाम 6:15 बजे यह बस अपने अंतिम पड़ाव खाटूश्यामजी पहुंचेगी।

वापसी के लिए बस रोजाना सुबह 7 बजे खाटूश्यामजी से चलेगी। यह सुबह 8 बजे सीकर और सुबह 10 बजे झुंझुनूं बस स्टैंड पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे लोहारू और दोपहर 1:30 बजे भिवानी पहुंचकर दोपहर बाद करीब 3:30 बजे गोहाना बस स्टैंड पर अपनी यात्रा पूरी करेगी।

गोहाना से चलकर यह बस लाखनमाजरा, महम, भिवानी, जुई, लोहारू, पिलानी, चिड़ावा और सीकर होते हुए खाटूश्यामजी पहुंचेगी। सोनीपत रोडवेज के जीएम संजय कुमार के अनुसार तीन दिन तक चला ट्रायल सफल रहा है और अब औपचारिक उद्घाटन की तिथि निर्धारित की जाएगी, जिसके बाद बस का संचालन नियमित रूप से किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले सोनीपत बस अड्डा से भी खाटूश्याम धाम के लिए बस सेवा शुरू की गई थी, लेकिन यात्रियों की कमी के चलते इस रूट पर बुकिंग कम रही और अब वह बस सोनीपत से नारनौल तक चलाई जा रही है। गोहाना से सीधी सेवा शुरू होने से हरियाणा के सोनीपत, रोहतक, भिवानी और राजस्थान के झुंझुनूं व सीकर जिलों के हजारों यात्रियों को आवागमन का सीधा और किफायती साधन मिलेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *