Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

राजनीति

अमित शाह 6 नवंबर को देहरादून में उत्तराखंड पुलिस को देंगे ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ सम्मान

Spread the love

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 6 नवंबर को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान वे उत्तराखंड पुलिस को देश के प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ (President’s Police Colour) सम्मान से नवाजेंगे। राष्ट्रपति पुलिस कलर पुलिस बलों की उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और उपलब्धियों का प्रतीक माना जाता है।

जानकारी के मुताबिक पहले यह सम्मान समारोह 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होना था, लेकिन त्योहारों को देखते हुए तारीख में बदलाव किया गया है। अब 6 नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन में राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भव्य रैतिक परेड आयोजित होगी। गृह मंत्री अमित शाह इस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सलामी लेंगे और उत्तराखंड पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ प्रदान करेंगे।

राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने के बाद उत्तराखंड पुलिस की पहचान नए रंग-रूप में नजर आएगी। पुलिस के झंडे के रंग और डिजाइन में बदलाव होगा, साथ ही जवानों की टोपी, सीने और बाजू पर लगने वाले बैज, मोनोग्राम और फॉर्मेशन साइन भी नए स्वरूप में तैयार किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस की तर्ज पर उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पर भी विशेष बैज नजर आएगा। अब तक जवान अपनी बाईं बाजू पर गोल मोनोग्राम लगाते थे।

इस सम्मान को उत्तराखंड पुलिस के इतिहास में ऐतिहासिक बताया जा रहा है। राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने से पुलिस बल की परंपरा और उपलब्धियों को विशेष पहचान मिलेगी और जवानों के मनोबल में और इजाफा होगा।

गृह मंत्री के दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके आगमन और प्रस्थान के लिए रूट निर्धारित किए जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। देहरादून में गृह मंत्री के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *