Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

विकासहरियाणा

राखीगढ़ी महोत्सव: आज सीएम सैनी करेंगे सात दिवसीय उत्सव का शुभारंभ, हांसी में जुटेंगे इतिहास प्रेमी

Spread the love

हरियाणा की धरती पर बसे विश्व प्रसिद्ध हड़प्पा कालीन पुरातात्विक स्थल राखीगढ़ी में आज से सात दिवसीय राखीगढ़ी महोत्सव का आगाज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को इस महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। हांसी जिले के राखीगढ़ी गांव में 19 से 25 अक्टूबर तक चलने वाला यह उत्सव हरियाणा की प्राचीन सभ्यता, समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं का जीवंत उत्सव होगा।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री स्टेडियम में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे और राखीगढ़ी संग्रहालय से महोत्सव स्थल तक ई-कार्ट से जाएंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान वे उत्खनन गतिविधि में भी हिस्सा लेंगे और क्षेत्र की पुरातात्विक धरोहर एवं सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाने वाले प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन करेंगे। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग हांसी जिला प्रशासन के साथ मिलकर इस महोत्सव की तैयारियों में जुटा है।

महोत्सव में खेल प्रतियोगिताएं, क्विज प्रतियोगिताएं, चित्रकला प्रतियोगिताएं और हरियाणा की समृद्ध विरासत को दर्शाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजकों के मुताबिक इन गतिविधियों का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाना और विद्यार्थियों व युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना है। स्थल पर करीब 80 स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जहां स्वयं सहायता समूह और उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकेंगे। इससे स्थानीय उत्पादकों और उद्यमियों को अपने सामान के प्रचार-प्रसार और विपणन का सुनहरा अवसर मिलेगा।

हांसी के उपायुक्त राहुल नरवाल ने तैयारियों की समीक्षा की है। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन को महोत्सव का समग्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अमित अग्रवाल ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में हिस्सा लेकर महोत्सव और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और आगंतुकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि राखीगढ़ी भारत का सबसे बड़ा हड़प्पा स्थल है और इसे केंद्र सरकार की ओर से वैश्विक पहचान दिलाने के लिए बजट में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। राज्य सरकार राखीगढ़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *