Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

नौकरियाँ

UP प्राइमरी टीचर भर्ती 2026: 12,405 पदों पर आवेदन की तारीख 28 अक्टूबर तक बढ़ी, सुधार का मौका 31 तक

Spread the love

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्राइमरी असिस्टेंट टीचर भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 28 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं और फीस जमा कर सकते हैं। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर तय थी। आयोग ने आवेदन में सुधार की समय सीमा भी बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी है।

यह भर्ती विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत कुल 12,405 असिस्टेंट टीचर पदों पर हो रही है। इनमें 11,508 पद बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय शहरी विद्यालयों में असिस्टेंट टीचर (अर्बन) के हैं और 897 पद गैर-सरकारी सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के संबद्ध प्राइमरी स्कूलों में असिस्टेंट टीचर के हैं। आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों के हित में तिथियां बढ़ाई गई हैं।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की तिथि बढ़ने के बावजूद लिखित परीक्षा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। लिखित परीक्षा पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 3 और 4 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

वेतनमान लेवल-6 (35,400 से 1,12,400 रुपये प्रतिमाह) का है। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 1,000 रुपये, एससी/एसटी के लिए 500 रुपये और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई से किया जा सकता है।

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जो अभ्यर्थी पहले आवेदन कर चुके हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे 31 अक्टूबर से पहले अपने फॉर्म में भरी जानकारी जांच लें और जरूरी सुधार कर लें। एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

गौरतलब है कि आवेदन की शुरुआत 16 सितंबर 2026 से हुई थी। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में यह प्राथमिक शिक्षकों की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *