हरियाणा के KCC धारक किसानों को सिर्फ 63 पैसे में 50 हजार का दुर्घटना बीमा, हरको बैंक की योजना से 5 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
चंडीगढ़। हरियाणा के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारक किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। हरियाणा राज्य सहकारी अपेक्स बैंक (हरको बैंक) ने KCC धारकों के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना (PAIS) लागू की है। योजना के ऐलान के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करीब 5 लाख पात्र KCC धारक किसान एक साल के बीमा कवर का लाभ उठा सकेंगे।
क्या मिलेगा लाभ: योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु होने या पूर्ण स्थायी विकलांगता (दोनों अंगों या दोनों आंखों की क्षति, अथवा एक अंग और एक आंख की क्षति) की स्थिति में किसान के परिवार को 50,000 रुपये की बीमा राशि मिलेगी। वहीं एक अंग या एक आंख की क्षति होने पर 25,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
कितना देना होगा प्रीमियम: इस बीमा का कुल सालाना प्रीमियम 1.90 रुपये है, जिसमें से 1.27 रुपये का हिस्सा बैंक वहन करेगा। यानी किसान को अपनी जेब से साल भर के कवर के लिए सिर्फ 63 पैसे देने होंगे। हरको बैंक ने केंद्रीय सहकारी बैंकों के साथ मिलकर इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी के साथ इस योजना का समझौता किया है।
दावा कैसे करें: दुर्घटना होने की स्थिति में 120 दिन के भीतर बीमा कंपनी को सूचना देना जरूरी होगा। दावे के लिए पुलिस रिपोर्ट या पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विकलांगता प्रमाणपत्र, कानूनी उत्तराधिकारी का प्रमाण और KCC खाते से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे। किसान अपने नजदीकी केंद्रीय सहकारी बैंक या प्राथमिक कृषि ऋण समिति से इस योजना की पूरी जानकारी ले सकते हैं।
गौरतलब है कि खेती-किसानी में दुर्घटना का जोखिम हमेशा बना रहता है, ऐसे में महज 63 पैसे के सालाना खर्च पर 50 हजार रुपये का सुरक्षा कवच किसानों के लिए बड़ी आर्थिक ढाल साबित हो सकता है।
