स्वीडन से 4000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, हरियाणा में खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की स्वीडन यात्रा के दौरान हरियाणा को बड़ा निवेश प्रस्ताव मिला है। स्वीडन से राज्य में 4000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव आया है, जिससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने स्वीडन के उद्योगपतियों से मुलाकात कर हरियाणा में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री सैनी ने स्वीडिश कंपनियों को हरियाणा में निवेश के लिए आमंत्रित किया और राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में उद्योग लगाने के लिए जमीन, बिजली, पानी और कुशल मानव संसाधन की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान गुरुग्राम और स्टॉकहोम शहरों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। दोनों शहरों के बीच तकनीकी और औद्योगिक साझेदारी से हरियाणा के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। स्वीडन की कंपनियां हरित ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश की इच्छुक बताई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विदेशी निवेश के लिए देश का सबसे आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। राज्य में विकसित औद्योगिक गलियारों और लॉजिस्टिक सुविधाओं के चलते अंतरराष्ट्रीय कंपनियां हरियाणा की ओर आकर्षित हो रही हैं। स्वीडन से मिले इस प्रस्ताव से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
गौरतलब है कि हरियाणा सरकार लगातार विदेशी निवेश आकर्षित करने के प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री की विदेश यात्राओं का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को गति देना है। स्वीडन से मिले 4000 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को इसी दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
