राखीगढ़ी महोत्सव 2026 का आगाज: CM सैनी ने किया 7 दिवसीय उत्सव का उद्घाटन, पंचायत को 51 लाख के अनुदान का ऐलान
हरियाणा की प्राचीन विरासत का जश्न सोमवार को हिसार के राखीगढ़ी में शुरू हो गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सात दिवसीय राखीगढ़ी महोत्सव 2026 का उद्घाटन किया। इस साल महोत्सव की थीम ‘माटी से महोत्सव तक’ रखी गई है, जो राखीगढ़ी की हजारों साल पुरानी सभ्यता और मिट्टी से जुड़ी विरासत को समर्पित है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी की मिट्टी में भारत के पूर्वजों की मेहनत, कारीगरी और उन्नत सभ्यता की विरासत संरक्षित है। उन्होंने इस ऐतिहासिक स्थल को क्षेत्र की हजारों साल पुरानी पहचान, सांस्कृतिक जुड़ाव और गौरव का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्सव लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने और भावी पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राखीगढ़ी ग्राम पंचायत को 51 लाख रुपये के अनुदान का ऐलान किया। उन्होंने पंचायत द्वारा सौंपे गए ज्ञापन की मांगों पर भी आश्वासन दिया कि उन्हें पूरा किया जाएगा। उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री ने राखीगढ़ी में निर्माणाधीन संग्रहालय का दौरा किया और विभिन्न स्टॉलों, खेल गतिविधियों तथा अन्य आकर्षणों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुरातत्व विभाग के प्रदर्शन की भी समीक्षा की, जिसमें खुदाई की प्रक्रिया समझाई गई और खुदाई में मिले अवशेष दिखाए गए।
कार्यक्रम में विरासत एवं पर्यटन मंत्री अरविंद कुमार शर्मा तथा विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल भी मौजूद रहे। तीनों ने स्थल पर प्रदर्शित एक प्राचीन मुहर का भी अवलोकन किया।
राखीगढ़ी हड़प्पा सभ्यता के सबसे बड़े केंद्रों में गिना जाता है और यहां चल रही खुदाई में भारतीय इतिहास की कई परतें खुली हैं। सात दिवसीय महोत्सव में खेलकूद, प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताओं के साथ रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों के करीब 80 स्टॉल लगाए गए हैं। सरकार इस स्थल को वैश्विक पुरातात्विक पर्यटन के नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
