हरियाणा: फरीदाबाद में 4500 एकड़ पर बसेगा नया शहर, लैंड पूलिंग योजना में 30 नवंबर तक आवेदन का मौका
फरीदाबाद के शहरी विस्तार को सुनियोजित दिशा देने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने बड़ी योजना तैयार की है। हरियाणा सरकार की लैंड पूलिंग पॉलिसी-2022 के तहत फरीदाबाद में करीब 4500 एकड़ भूमि को सुनियोजित विकास योजना में शामिल करने का प्रस्ताव है। इच्छुक भूमि मालिक और भूमि एकत्रीकरणकर्ता 30 नवंबर 2026 तक लैंड पूलिंग पोर्टल पर अपनी भूमि का विवरण देकर प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राधिकरण ने इस संबंध में 24 अगस्त 2026 को सार्वजनिक सूचना जारी की थी।
योजना के तहत एक ही भू-खंड पर आवासीय, वाणिज्यिक, सार्वजनिक और अर्ध-सार्वजनिक क्षेत्रों का सुनियोजित विकास किया जाएगा। प्रस्तावित भूमि में सेक्टर-96ए और 97ए को सार्वजनिक एवं अर्ध-सार्वजनिक उपयोग के लिए रखा गया है, जबकि सेक्टर-94ए, 96, 99, 101, 102, 103, 140, 141 और 142 को आवासीय विकास के लिए प्रस्तावित किया गया है। सेक्टर-100 को वाणिज्यिक उपयोग के लिए प्रस्तावित किया गया है।
इस योजना में फरीदाबाद के 19 राजस्व गांवों की भूमि शामिल है। इनमें खेड़ी कलां, नचौली, ताजूपुर, ढकौला, शाहबाद, बदरपुर सैद, शाहूपुरा, सहूपुरा, सोतई, सुनपेड़, मलेरना, जाजरू, भैंसरावली, फत्तूपूरा, भुआपुर, भुहापुर जसाना, फरीदपुर, सदपुरा और तिगांव शामिल हैं। इन गांवों की कुल करीब 4500 एकड़ भूमि को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने का प्रस्ताव है।
लैंड पूलिंग पॉलिसी का उद्देश्य बिखरी हुई जमीन को एक साथ लाकर उसका नियोजित विकास करना है, ताकि आवास, सड़क, पार्क और सार्वजनिक सुविधाओं का संतुलित ढांचा तैयार हो सके। इससे फरीदाबाद के शहरी क्षेत्र का विस्तार व्यवस्थित तरीके से होगा और नए सेक्टरों में रहने, व्यापार और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सकेगी। यही वजह है कि इस योजना को फरीदाबाद के नए शहरी क्षेत्र के रूप में देखा जा रहा है।
भूमि मालिकों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना प्रस्ताव प्रस्तुत करें, क्योंकि ई-विंडो 30 नवंबर 2026 तक ही खुली रहेगी। आवेदन और भूमि संबंधी प्रस्ताव आधिकारिक लैंड पूलिंग पोर्टल पर दिए जा सकते हैं, और योजना की जानकारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए संपदा अधिकारी, एचएसवीपी फरीदाबाद-1 और फरीदाबाद-2 से संपर्क किया जा सकता है।
