हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में बागवानी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वर्ष 2030 तक किसानों की आय दोगुनी तथा उत्पादन तीन गुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बागवानी क्षेत्र के विस्तार, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय, करनाल में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने बागवानी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने, पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन, पौध रोग नियंत्रण और नई तकनीकों के विकास पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बागवानी किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, जिससे उनकी उत्पादकता बढ़े और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।सम्मेलन में देशभर से आए वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने बागवानी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और वैज्ञानिकों को सम्मानित भी किया। उन्होंने विश्वास जताया कि शोध, नवाचार और किसानों के सहयोग से हरियाणा बागवानी क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में नई योजनाओं और निवेश को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्रों में बागवानी से जुड़े नए शोध और नवाचारों पर भी चर्चा की गई।
