चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर सम्मान, 1 नवंबर को अमित शाह करेंगे सम्मानित
चंडीगढ़ पुलिस के लिए यह गौरव का ऐतिहासिक अवसर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चंडीगढ़ पुलिस को देश के प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ (राष्ट्रपति पुलिस ध्वज) से सम्मानित करने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 26 अक्टूबर को चंडीगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस मंजूरी की जानकारी दी। एक नवंबर 2026 को चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यह सम्मान प्रदान करेंगे। चंडीगढ़ पुलिस का पुनर्गठन एक नवंबर 1966 को हुआ था और तब से यह बल शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में निरंतर सेवा दे रहा है। राष्ट्रपति पुलिस कलर किसी पुलिस संगठन को मिलने वाले सर्वोच्च सम्मानों में से एक माना जाता है। यह सम्मान बल की विशिष्ट सेवाओं, अनुशासन, साहस और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की राष्ट्रीय पहचान होता है। चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक सागरप्रीत हुड्डा ने कहा है कि यह स्वीकृति विभाग के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह उन अधिकारियों व कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत, साहस, ईमानदारी और समर्पण का प्रतीक है, जिन्होंने शहर में शांति बनाए रखने के लिए निरंतर सेवाएँ दी हैं। चंडीगढ़ पुलिस का रिकॉर्ड भी इस सम्मान की गवाही देता है। बल को अब तक एक वीरता पदक, विशिष्ट सेवा के लिए 20 राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 108 पदक और 52 संयुक्त राष्ट्र पदक मिल चुके हैं। वर्ष 2017 में बाल सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, बुजुर्गों की सुरक्षा, स्मार्ट थानों और महिला सुरक्षा के लिए इसे फिक्की स्मार्ट पुलिसिंग पुरस्कार भी मिला था। पासपोर्ट सत्यापन की गति के मामले में चंडीगढ़ पुलिस 2023-24 में देश में पहले स्थान पर रही थी। वर्ष 2009 से अब तक बल ने 60,501 कानून-व्यवस्था कार्यक्रमों का प्रबंधन किया है, जिनमें 2025 के 2,582 कार्यक्रम भी शामिल हैं और इनमें कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी प्रगति की है। 30 जुलाई 2022 को पुलिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन हुआ और अब शहर में यातायात प्रबंधन प्रणाली से जुड़े 2,085 सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क काम कर रहा है। बल का ध्येय वाक्य ‘वी केयर फॉर यू’ यानी ‘हमें आपकी परवाह है’ पुलिस और नागरिकों के बीच भरोसे को मजबूत करता है।
