किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाएगा: सोनीपत की 4 मंडियों में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का निरीक्षण
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने गुरुवार को सोनीपत जिले की चार अनाज मंडियों का दौरा कर धान खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गोहाना, सोनीपत, खरखौदा और गन्नौर मंडियों में धान खरीद, फसल के उठान और मंडियों में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीद में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मंडियों में आए किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।
मंत्री ने अधिकारियों को खरीदी गई धान की जल्द लिफ्टिंग कराने और किसानों को परेशानी से बचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार जारी रहे और किसानों को समय पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान में नमी की जांच भी की।
जिन किसानों की वास्तविक फसल उत्पादन पोर्टल पर दर्ज मात्रा से ज्यादा है, उनके लिए मंत्री ने साफ किया कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसे किसान संबंधित अनाज मंडी के सचिव से संपर्क कर लिखित में अपनी बात बता सकते हैं। इसके बाद जांच होगी और नियमों के अनुसार 48 घंटे में समाधान किया जाएगा, ताकि वास्तविक उत्पादन के मुताबिक खरीद आगे बढ़ सके।
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके ही मंडी में लाएं। गीली फसल लाने से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि धान में नमी अधिक होने से खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। साथ ही उन्होंने किसानों से पराली न जलाकर उसे मिट्टी में मिलाने की भी अपील की।
