केंद्र सरकार: 8वें वेतन आयोग की मुंबई में आज अहम बैठक — DA-HRA-पेंशन पर मंथन, 1 करोड़ कर्मचारियों की नजर
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के 8वें वेतन आयोग की मुंबई में आज अहम बैठक हो रही है। 22 और 23 अक्टूबर को हो रही इस बैठक में आयोग कर्मचारी संगठनों, पेंशनर एसोसिएशनों और फेडरेशनों के प्रतिनिधियों से वेतन ढांचे, पे मैट्रिक्स, महंगाई भत्ते (DA), मकान किराया भत्ते (HRA) और पेंशन जैसे मुद्दों पर चर्चा कर रहा है। 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं, जबकि पंकज जैन सदस्य-सचिव हैं। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य और वित्त के प्रोफेसर पुलक घोष भी आयोग के सदस्य हैं। आयोग की सिफारिशों का असर करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनरों पर पड़ेगा। बैठक में कर्मचारी संगठनों ने फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने की मांग रखी है। कुछ संगठनों की ओर से फिटमेंट फैक्टर 4.38 तक करने और हर साल 5 प्रतिशत इंक्रीमेंट देने की मांग उठाई गई है, हालांकि आयोग की ओर से इन मांगों पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। बता दें कि 7वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 लागू किया गया था। विशेषज्ञों का अनुमान है कि मौजूदा 60 प्रतिशत DA को देखते हुए 1.92 फिटमेंट फैक्टर पर करीब 20 प्रतिशत और 2.57 पर इससे अधिक की वास्तविक बढ़ोतरी संभव है। आयोग के मुताबिक उसके 61 प्रतिशत से अधिक काम पूरे हो चुके हैं और सरकार को रिपोर्ट 3 मई 2027 तक सौंपी जानी है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि आयोग की सिफारिशों से न्यूनतम बेसिक वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी का रास्ता साफ होगा। मुंबई बैठक के बाद आयोग देश के अन्य हिस्सों में भी पक्षकारों से संवाद करेगा। केंद्र सरकार ने आयोग का गठन नवंबर 2025 में किया था, और तब से यह कर्मचारियों के वेतन-पेंशन ढांचे की समीक्षा में जुटा है।
