Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

हरियाणा

फरीदाबाद: सूरजकुंड दिवाली मेले के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 23–26 अक्टूबर तक भारी वाहनों पर पाबंदी

Spread the love

फरीदाबाद के सूरजकुंड में 23 से 26 अक्टूबर तक होने वाले तीसरे सूरजकुंड दिवाली उत्सव मेले को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही पर निर्धारित मार्गों पर सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। पुलिस उपायुक्त एनआईटी एवं यातायात उत्तम के मार्गदर्शन में मेले के दौरान यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार चार मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा — पाली चौक से एमवीएन नाका और सूरजकुंड की ओर, अनखीर चौक से सूरजकुंड की ओर, एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर, और प्रहलादपुर दिल्ली बॉर्डर से सूरजकुंड गोल चक्कर की ओर। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमानुसार अनुमति दी जाएगी। मेले के दिनों में इन मार्गों पर भारी वाहन न ले जाएं, वरना चालान की कार्रवाई हो सकती है।

भारी वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए गए हैं। गुरुग्राम और पाली चौक की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन सैनिक कॉलोनी मोड़, मस्जिद चौक, प्याली चौक और बाटा चौक होते हुए मथुरा रोड (एनएच-19) का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रहलादपुर दिल्ली बॉर्डर से फरीदाबाद आने वाले वाहन चालकों को सूरजकुंड की ओर जाने के बजाय बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते शहर में प्रवेश करने की सलाह दी गई है। एनएचपीसी चौक से फरीदाबाद शहर आने वाले वाहन चालकों को भी सूरजकुंड मार्ग के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग अपनाने को कहा गया है।

मेले में आने वाले आगंतुकों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी पार्किंग धन्तेश्वरी गेट और होटल राजहंस के पास बनाई गई है। सामान्य पार्किंग के लिए होटल गोल्ड फिंच के सामने चार एकड़ भूमि, होटल ताज विवांता के सामने, ताज विवांता के साथ लगती भूमि और सूरजकुंड गोल चक्कर के पास नगर निगम की भूमि निर्धारित की गई है। यातायात पुलिस ने अपील की है कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग न करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। दिल्ली और फरीदाबाद के बीच आवागमन करने वाले वाहन चालकों को भी संभव हो तो सूरजकुंड मार्ग से बचकर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

बता दें कि हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस चार दिवसीय मेले में करीब 300 स्टॉल लगेंगे। 23 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मेले का उद्घाटन करेंगे और 26 अक्टूबर को समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि होंगे। प्रसिद्ध सूफी गायक कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति मेले का मुख्य आकर्षण रहेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *