Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

राजनीति

राष्ट्रीय एकता दिवस 2026: नक्सलवाद के खात्मे का जश्न मनाएगा देश, PM मोदी की मौजूदगी में 126 जिलों के 2000 कलाकार केवड़िया परेड में

Spread the love

नई दिल्ली। देश इस बार 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस को खास अंदाज में मनाएगा — इस साल का जश्न नक्सलवाद के खात्मे को समर्पित होगा। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे और उनके सामने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) तथा राज्यों की पुलिस की टुकड़ियां परेड करेंगी।

इस बार के समारोह की सबसे खास बात यह होगी कि देश के 126 ऐसे जिलों के करीब 2000 कलाकार इसमें हिस्सा लेंगे, जो कभी नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा इन कलाकारों के साथ एक विशेष प्रस्तुति देगा, जिसमें उस दौर को जीवंत किया जाएगा जब नक्सलवाद चरम पर था और लोगों की जान-माल पर खतरा मंडराता था। इसके अलावा इन 126 जिलों के करीब 5000 लोगों को समारोह में आमंत्रित किया गया है, जो अपने अनुभव साझा करेंगे कि कैसे उन इलाकों में अब विकास की लहर है।

गृह सचिव ने बताया कि इस साल ‘आनंदमठ’ पर आधारित नाटक भी मंचित होगा, जिसे बंकिम चंद्र चटर्जी ने लिखा था। साथ ही ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर झांकियां भी निकाली जाएंगी। राष्ट्रीय एकता दिवस 2019 से हर साल सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाया जाता है और प्रधानमंत्री हर साल इसमें शामिल होते हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पुलिस स्मृति दिवस पर कह चुके हैं कि 31 मार्च 2026 को देश नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो गया। उन्होंने कहा था कि 1981 से मार्च 2026 के बीच नक्सली हिंसा में 3600 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी और करीब 13,700 नागरिक मारे गए। ऐसे में इस बार का एकता दिवस सुरक्षाबलों की इस ऐतिहासिक सफलता के जश्न के रूप में भी देखा जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *