Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

राजनीति

NDTV वर्ल्ड समिट: PM मोदी का कांग्रेस पर तीखा तंज — ‘एक साल में उतने रॉकेट लॉन्च नहीं होते, जितनी बार कांग्रेस नेता लॉन्च की कोशिश करती है’

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अक्टूबर की रात नई दिल्ली में आयोजित NDTV वर्ल्ड समिट में कीनोट संबोधन दिया और कांग्रेस पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, “श्रीहरिकोटा से एक साल में उतने रॉकेट लॉन्च नहीं होते, जितनी बार कांग्रेस अपने नेता को ‘लॉन्च’ करने की असफल कोशिशें करती है।” यह टिप्पणी राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए की गई, जिसे समिट में मौजूद श्रोताओं ने तालियों से सराहा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया आज एक ‘नई व्यवस्था’ की तलाश में है, वहीं कुछ लोग भारत में ‘अव्यवस्था’ का सपना देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारत की उपलब्धियों पर सवाल उठाकर अपने “परिवार को असफलता के दाग से” बचाने की कोशिश करती है। मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का स्वागत है, लेकिन देश की उपलब्धियों को नकारने की प्रवृत्ति राष्ट्रहित में नहीं है।

 

वैश्विक व्यवस्था पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज व्यापार को हथियार बनाया जा रहा है और प्रौद्योगिकी संघर्ष का नया मैदान बन गई है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र जैसी वैश्विक संस्थाओं के सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि ग्लोबल साउथ को इन संस्थाओं में उसका वाजिब स्थान मिलना चाहिए। भारत ने जी-20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्यता दिलाकर इसी दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया था।

 

मोदी ने भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश आज अंतरिक्ष, डिजिटल अर्थव्यवस्था और विनिर्माण में नई ऊंचाइयां छू रहा है। समिट के दो दिवसीय आयोजन में दुनिया भर के नेता, नीति निर्माता और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल हुए। प्रधानमंत्री के संबोधन को वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते आत्मविश्वास और नेतृत्व की झलक के रूप में देखा जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *