कुरुक्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव 2.0 का आगाज: नवीन जिंदल ने किया शुभारंभ, 11 खेलों में 30 हजार से अधिक खिलाड़ी
कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए सांसद खेल महोत्सव 2.0 का आगाज हो गया है। शुक्रवार 31 अक्टूबर को सुबह आठ बजे सांसद नवीन जिंदल ने इस महोत्सव का शुभारंभ किया। महोत्सव की शुरुआत एमपी-11 और मीडिया-11 की टीमों के बीच क्रिकेट मैच से हुई। इस अवसर पर पैरालंपिक खेलों के स्वर्ण पदक विजेता नवदीप सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। महोत्सव के लिए संसदीय क्षेत्र से 30 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।
इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच देना है। इसके तहत कुल 11 खेलों में प्रतिस्पर्धा होगी। इनमें कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, बॉक्सिंग, कुश्ती, शूटिंग, क्रिकेट, एथलेटिक्स और रस्साकशी शामिल हैं। गांवों और कस्बों के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, क्योंकि मुकाबले हलका स्तर से लेकर लोकसभा स्तर तक आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में 2 नवंबर से 21 नवंबर तक हलका स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद दूसरे चरण में 7 दिसंबर से 16 दिसंबर तक लोकसभा स्तर की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के दौरान कुरुक्षेत्र मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 31 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में और 16 नवंबर को कैथल में एमपी-11 और मीडिया-11 के बीच क्रिकेट मैच खेले जाएंगे, साथ ही एक प्रदर्शनी पोलो मैच भी होगा।
सांसद नवीन जिंदल की पहल पर आयोजित हो रहे इस महोत्सव से कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा। खेलों के जरिए युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा दे सकेंगे और नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ेंगे। प्रतियोगिताओं का डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इन मुकाबलों से जुड़ सकें।
