हरियाणा में विकसित होगा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क: सूरत के हीरा कारोबारियों को CM नायब सैनी का न्योता
हरियाणा में हीरा और आभूषण उद्योग के लिए एक नई पहचान बनने जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क विकसित करने की संभावनाएं तलाश रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुजरात के सूरत में आयोजित प्रवासी मिलन समारोह में हीरा एवं आभूषण कारोबार से जुड़े उद्यमियों को इस दिशा में सहयोग करने का आह्वान किया है।
इस पार्क के माध्यम से लैब-ग्रोन डायमंड, आभूषण निर्माण, डिजाइनिंग, फिनिशिंग और निर्यात से जुड़ी गतिविधियों को एक ही औद्योगिक इकोसिस्टम के तहत विकसित करने की संभावना है। इससे प्रदेश में आभूषण उद्योग से जुड़ी नई कारोबारी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में कारोबार स्थापित कर चुके हरियाणा के प्रवासी उद्यमी दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने टेक्सटाइल उद्यमियों को भी नई उत्पादन इकाइयां लगाने और तकनीकी टेक्सटाइल के क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाशने का न्योता दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026 के साथ नौ क्षेत्र-विशेष नीतियां लागू की गई हैं। इनके माध्यम से निवेशकों की जरूरतों के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में पांच लाख करोड़ रुपये का नया निवेश आकर्षित करना और दस लाख रोजगार अवसर सृजित करना है।
मुख्यमंत्री ने गुजरात के उद्योग जगत को अप्रैल 2027 में प्रस्तावित हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने का भी निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया अभियान को साकार करने में हरियाणा एक महत्वपूर्ण भागीदार बनेगा। राज्य सरकार निवेशकों के लिए सरल प्रक्रियाएं, डिजिटल सुविधाएं और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की पहल हरियाणा को पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में भी आगे ले जाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
