अमित शाह 5 नवंबर को अंबाला में करेंगे 1857 शहीद स्मारक का उद्घाटन, अनिल विज ने तैयारियों का लिया जायजा
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को अंबाला छावनी में आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक-1857 का लोकार्पण करेंगे। अंबाला-दिल्ली जीटी रोड के किनारे लगभग 22 एकड़ क्षेत्र में फैला यह भव्य स्मारक 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को समर्पित है। उद्घाटन के अगले दिन यानी 6 नवंबर से यह स्मारक आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा।
स्मारक की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने 2 नवंबर को स्मारक परिसर में बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली गई और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए कि 5 नवंबर के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अनिल विज ने 2 नवंबर की सुबह अंबाला छावनी के गांधी ग्राउंड का दौरा भी किया, जहां 5 नवंबर को अमित शाह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। दौरे के दौरान जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया गया। स्मारक परियोजना पर लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसमें लगभग 700 शहीदों के नाम सुनहरे अक्षरों में अंकित किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों के योगदान से परिचित हो सकें।
1857 की क्रांति में अंबाला छावनी की भूमिका को इस स्मारक के माध्यम से विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। स्मारक में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को आधुनिक तकनीक से तैयार की गई दीर्घाओं के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन के बाद यह स्मारक न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश के लोगों के लिए स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा से जुड़ने का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
